CRS AGENCY। हरियाणा के सोनीपत पहुंचे राहुल गांधी के बुलावे पर यहां की महिलाएं सोनिया गांधी के घर खाने पर पहुंची। लंच पर सोनिया के साथ राहुल-प्रियंका भी मौजूद रहे। इस दौरान तीनों की हरियाणा की महिलाओं से खूब चर्चा हुई। महिलाओं ने सोनिया गांधी से राहुल गांधी की शादी को लेकर सवाल किए। इस पर सोनिया गांधी ने कहा कि आप लड़की ढूंढो न। राहुल गांधी ने भी अपनी शादी को लेकर कहा कि हो जाएगी।
इसके बाद महिलाओं ने प्रियंका गांधी के साथ बचपन की बातें भी पूछीं। महिलाएं अपने साथ गाय और भैंस का घी और छाछ लेकर पहुंची थीं, जिसे उन्होंने सोनिया गांधी को दे दिया।
राहुल गांधी 8 जुलाई को शिमला जाने के दौरान सोनीपत रुके थे। जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ खेत में ट्रैक्टर चलाया था और धान की फसल रोपी थी। इस दौरान राहुल की ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात हुई थी, जिसमें राहुल ने सभी को दिल्ली घुमाने और बुलाने का वादा किया था। इस वादे को पूरा करते हुए हरियाणा की 24 महिलाओं का एक ग्रुप सोनिया गांधी के घर पहुंचा था। इन महिलाओं के साथ कुछ बच्चे भी थे।
राहुल के सोनीपत दौरे के दौरान एक महिला ने कहा था कि उसे मोतिया की वजह से दिखता नहीं है। इस पर राहुल ने उनका ऑपरेशन कराने का वादा किया था। राहुल की टीम ने ये ऑपरेशन करवा दिया। सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे ग्रुप में वह महिला भी थी। राहुल ने उन्हें देखकर हालचाल पूछा और काला चश्मा लगाए रखने की सलाह दी।