CRS NEWS रायबरेली: लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आज एक खास आयोजन के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में खजांची का आठवां जन्मदिन मनाया गया। खजांची वही बच्चा है, जिसका जन्म नोटबंदी के दौरान कानपुर देहात के रसूलाबाद में बैंक की लाइन में हुआ था। श्री अखिलेश यादव ने खजांची को लड्डू खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी और उसे एक साइकिल उपहार स्वरूप भेंट की। खजांची ने इस अवसर पर एक कविता भी सुनाई, जिससे वहां मौजूद सभी लोग प्रभावित हुए।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने खजांची को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसे विभिन्न उपहार भेंट किए। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस विशेष दिन पर खजांची के प्रति स्नेह प्रकट किया।
श्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर नोटबंदी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे खजांची बड़ा हो रहा है, नोटबंदी की असफलता भी और स्पष्ट होती जा रही है। उन्होंने इसे दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा आर्थिक भ्रष्टाचार बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने नोटबंदी से जो वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नोटबंदी ने समाज के सभी वर्गों – किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है, जबकि इसके साथ ही जीएसटी और अन्य फैसलों ने भी लोगों को नुकसान पहुंचाया है।
अखिलेश यादव ने भाजपा को खजांची के जन्मदिन पर भी निशाना बनाया और कहा कि भाजपा को इस दिन को याद रखना चाहिए, ताकि यह याद रहे कि उनके गलत फैसले के चलते देश की जनता को कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस बैंक में खजांची का जन्म हुआ था, उसे कम से कम खजांची की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखना चाहिए था। अगर बैंक ऐसा नहीं कर पा रही है, तो भाजपा को किसी सरकारी योजना के माध्यम से इस बच्चे के भविष्य की चिंता करनी चाहिए।
कार्यक्रम में खजांची की मां और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी को लड्डू वितरित किए गए, और माहौल उत्सवपूर्ण रहा।
