*रायबरेली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 24 घंटे में ₹5 लाख की लूट का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार*
रायबरेली। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. यशवीर सिंह के कड़े निर्देशों के बाद रायबरेली पुलिस लगातार अपराधियों पर कहर बनकर टूट रही है। इसी क्रम में, मिल एरिया थाना क्षेत्र के अयोध्या मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹5 लाख की छिनैती के मामले का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान शुरू हुआ ड्रामा
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) संजीव कुमार सिन्हा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कल मिल एरिया थाना क्षेत्र में ₹5 लाख की छिनैती की घटना हुई थी, जिसके बाद नगर क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में सर्विलांस और एसओजी (SOG) टीम सहित कई टीमें गठित की गई थीं।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, पता चला कि लूट में इस्तेमाल की गई क्रेटा गाड़ी अयोध्या रोड की तरफ जा रही है। मिल एरिया थाना के SSI राकेश कुमार मिश्र ने टीम के साथ गाड़ी का पीछा किया।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल
जब पुलिस टीम ने अयोध्या मार्ग पर लोनिनियम का पुरवा के पास क्रेटा गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी भगा दी और बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश, जिसकी पहचान नसीम के रूप में हुई, उसके बाएँ पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल बदमाश नसीम को तत्काल अमावां सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
ASP संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि नसीम सहित कुल तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, और वे भी जल्द ही पकड़े जाएंगे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से छीने गए रुपए में से ₹26,000 नगद, एक अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा गाड़ी बरामद की गई है। इस सफलता से रायबरेली पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।
