CRS NEWS रायबरेली : प्रयागराज, 10 नवम्बर 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के हनुमानगंज में भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्षी गठबंधन पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने सपा को अपराधियों और माफिया का प्रोडक्शन हाउस बताते हुए कहा कि पहले सपा शासन में दिनदहाड़े विधायकों की हत्या की जाती थी। उन्होंने माफिया अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और खान मुबारक को सपा की देन बताया।
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा का चरित्र ही ऐसा है कि इसने अपराधियों को संरक्षण दिया और दंगाइयों का समर्थन किया। उन्होंने सपा को “पीडीए का प्रोडक्शन हाउस” करार देते हुए कहा कि पहले जनता का पैसा सैफई के पास पहुंचता था और आम जनता को सुरक्षा और सुविधा से वंचित रखा जाता था। योगी ने कन्नौज, लखनऊ और हरदोई में हुए महिलाओं पर अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के शासन में बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बदलती तस्वीर और प्रदेश के विकास की दिशा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में 12 साल बाद होने वाले महाकुंभ को लेकर प्रदेश सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है, और पीएम मोदी ने कुंभ को सांस्कृतिक धरोहर की मान्यता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
