बाल – दिवस आयोजित
बगहा, सलोन। दिनांक 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगहा ,सलोन, रायबरेली में आज स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत-रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरु की 136वीं जयंती बाल दिवस के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।इस अवसर पर विचार गोष्ठी और खेल – कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नेहरू जी आचरण के व्यवहारिक पक्ष के पोषक थे।उनका मानना था कि देश के लोगों को आदर्श नागरिक बनाने के लिए स्वयं को ‘रोल-मॉडल’ बनना होगा और उनके द्वारा अपने आप को अपने विचारों के अनुरूप बदल डाला गया – ‘एक अमीर छवि से आम – अवाम के रूप में,एक महान विचारक व राजनेता से बच्चों के प्यारे चाचा नेहरू के रूप में।’ उनकी इसी प्रेरक भावना से प्रेरित शिक्षक – शिक्षिकाओं द्वारा आज की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा संचालित व संपन्न कराई गई,जो कि बेहद शानदार व प्रभावशाली रही। आज के इस कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा चाचा नेहरू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पं जवाहरलाल नेहरू जी का जीवन जन – जन के लिए आदर्श और प्रेरक है। वैभवशाली परिवार में जन्म लेने के बाद भी संघर्ष का रास्ता चुनने वाले नेहरू जी ने भारत के हर एक नागरिक को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी दिलाई। अपने वक्तव्य का समापन करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों में जीवन की हर चुनौती को स्वीकार करने की शक्ति का विकास हो और वे अपना लक्ष्य हासिल करने में सफल हों यही चाचा नेहरू की अभिलाषा थी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
