दिनांक 1अक्टूबर2022 शनिवार।न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल , शाखा सलोन, रायबरेली। विद्यालय परिसर में शारदीय नवरात्रि के दौरान अनवरत चल रहे दुर्गा पूजा के क्रम में आज स्कूल के छात्र – छात्राओं द्वारा गीत- संगीत,अभिनय के बीच जगज्जननी मां स्कंदमाता के दिव्य दरबार की आकर्षक झांकी दर्शाई गई। शक्ति पूजा के साथ ही वनपथ पर राम सीता और लक्ष्मण का गमन, हनुमानजी से भेंट और उनके द्वारा राम-लक्ष्मण को अपने कंधों पर बिठा कर सुग्रीव के समीप पहुंचाना सब कुछ इतना स्वाभाविक रहा कि हर कोई एक ही समय में हर्ष,विषाद और विस्मय की अनुभूति को प्राप्त हुआ।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह ने नवदुर्गा की समवेत रुप से विशेष पूजा-अर्चना की साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षक- कर्मचारियों एवं अभिभावकों तथा समाज के सभी लोगों को नवरात्रि व दशहरा की हार्दिक शुभकामना देते हुए सभी के सुखद जीवन की कामना की। बिना अनुशासन के जीवन का स्वरूप विकृत हो जाता है। अनुशासन में रहकर ही राम, हनुमान आज मानव जाति के आदर्श बन सके हैं। विद्यार्थियों को भी उनसे यही प्रेरणा लेनी चाहिए। अभिभावक भी बच्चों में ऐसे ही संस्कार विकसित करने में अपना सहयोग प्रदान करेंगे, तो विद्यालय समाज की आकांक्षाओं को शत प्रतिशत पूरा कर सकेंगे। विद्यालय में ऐसे आयोजनों को इस दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए प्रतिभागी बच्चों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। दशहरा अवकाश को ध्यान में रखते हुए बच्चों ने आज ही विजयदशमी का पर्व मनाया। वाट्सप, धूम्रपान, फास्ट-फूड फेसबुक,यूट्यूब,जुआ,बाजारू पेय और शराब जैसी चीजों की ओर नई पीढ़ी की बढ़ती लतों के प्रति आगाह करते हुए इन्हें रावण के दस सिरों के रूप में चित्रित किया गया और उनका दहन कर प्रचलित बुराइयों से मुक्ति की प्रतिबद्धता प्रकट की गई। आगामी 5 अक्टूबर 2022 तक के अवकाश की घोषणा के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
