CRS AGENCY। भारत में मर्सिडीज-बेंज की दिन प्रतिदिन बढ़ रही मांग। सब्जियों से लेकर खाने-पीने के चीजों की बढ़ी महंगाई से लोग परेशान हैं। वहीं इसके विपरीत एक वर्ग ऐसा भी है जो दो करोड़ से अधिक कीमत की गाड़ी खरीदने की होड़ मची है। ऐसा लगता है इस वर्ग के लिए महंगाई भला कहां है? इससे पता चलता है कि अमीरी और गरीबी के बीच खाई कितनी तेजी से चौड़ी हो रही है। जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता मर्सिडीज-बेंज की रिपोर्ट के अनुसार, मर्सिडीज-बेंज की भारत में बिक्री 2023 की पहली छमाही में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 8,528 इकाई पर पहुंच गई है। यह कंपनी की देश में सबसे अच्छी छमाही बिक्री है। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने 2022 की जनवरी-जून अवधि में 7,573 कारें बेची थीं। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि 2023 की पहली छमाही में टॉप एंड (टीईवी) यानी डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की कीमत के वाहनों की काफी ऊंची मांग देखने को मिली। पहली छमाही में कंपनी के डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के वाहनों की बिक्री 54 प्रतिशत बढ़कर 2,000 इकाई पर पहुंच गई। कंपनी ने कहा कि पहली छमाही में मर्सिडीज-बेंज के बिके प्रत्येक चार वाहनों में से एक टीईवी खंड का रहा। चालू कैलेंडर साल की दूसरी तिमाही में कंपनी की बिक्री आठ प्रतिशत बढ़कर 3,831 इकाई पर पहुंच गई। यह एक साल पहले की समान अवधि में 3,551 इकाई रही थी। कंपनी ने कहा कि यह उसका दूसरी तिमाही का सबसे ऊंचा बिक्री आंकड़ा है।
