ऊंचाहार , रायबरेली , खेल खेल में छात्रों द्वारा लगाई गई आग ने तबाही मचा दी। स्कूल में छुट्टी होने के बाद खेलते हुए घर जा रहे बच्चों ने आपस में खेलते हुए में गेहूं की फसल में आग लगा दी , जिससे दो किसानों की पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है । किसानों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया है ।
यह अग्निकांड सोमवार की दोपहर क्षेत्र के गांव हटका में हुआ है । गांव से थोड़ी दूर पर आदर्श सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल है । सोमवार की दोपहर स्कूल में छुट्टी हुई तो बच्चे खेलते हुए अपने घरों को जा रहे थे । इस बीच बच्चों ने माचिस जलाकर खेलना शुरू किया । माचिस की जलती हुई एक तीली किसी बच्चे ने खेत में फेंक दी । जिससे खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। खेत को जलता हुआ देखकर बच्चे भाग गए । आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग से धुंआ की तेज धुंध आसमान में उठी तब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई । उसके बाद पूरा गांव दौड़कर खेतों में पहुंचा और आग को बुझाने का प्रयास शुरू हुआ । जबतक गांव के किसान आग पर काबू पाते तब तक किसान रामकृष्ण मिश्र और भैयाराम मिश्र की पांच बीघा फसल जलकर राख हो चुकी थी ।
