CRS NEWS उत्तरप्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने SIR को लेकर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब वोटर लिस्ट अभी आई भी नहीं थी और किसी को यह जानकारी नहीं थी कि कितने वोट हटाए जाएंगे। उस समय प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच यह बात कही कि लगभग चार करोड़ वोट काटे जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री का यह बयान रिकॉर्ड में है। उसकी स्पीच सबके पास मौजूद है। कई लोगों ने इसे सुना भी है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पहले से यह आंकड़ा तय कर लिया गया था, तो यह पूरी प्रक्रिया कितनी निष्पक्ष है यह तो साफ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे ही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट सामने आई, वैसे ही उनकी आशंकाएं सच साबित होती दिखीं। उनका दावा है कि पहले उन्हें करीब तीन करोड़ वोट काटे जाने की आशंका थी। अखिलेश ने बिना नाम लिए कहा कि प्रक्रिया के दौरान ही खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पहले ही चार करोड़ वोट काटे जाने की बात सार्वजनिक मंचों पर कही थी। साथ ही, उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग और चुनाव आयोग के SIR लिस्ट में अंतर को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हम जिला स्तर पर केस दायर करेंगे। इसके लिए फॉर्मेट उपलब्ध कराया जाएगा। हम बीएलए और पीडीए प्रहरी से इस संबंध में केस दर्ज कराने को कहेंगे।
