कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क — जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया घाटों का निरीक्षण
रायबरेली, 1 नवंबर।
आगामी 5 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर रायबरेली प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने आज जनपद के प्रमुख गंगा घाटों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने डलमऊ गंगा घाट, सरेनी थाना क्षेत्र के गेगासों गंगा घाट तथा ऊंचाहार थाना क्षेत्र के गोकना गंगा घाट का भ्रमण किया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इन घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एसडीआरएफ टीम एवं गोताखोर दलों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और घाटों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। साथ ही, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा बनाए गए निर्देशों एवं यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सभी लोग शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से कार्तिक पूर्णिमा स्नान कर सकें।
