CRS NEWS रायबरेली :उत्तर प्रदेश में चल रहे उपचुनावों के बीच प्रदेश सरकार ने नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए दस आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों के पद और जिम्मेदारियों में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं।
वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को रिटायरमेंट से लगभग डेढ़ महीने पहले प्रतीक्षारत कर दिया गया है। उनके स्थान पर श्रम एवं सेवायोजन व खनन विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार तृतीय को इस विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजशेखर से नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव, पीएम कृषि सिंचाई योजना के स्टेट नोडल ऑफिसर और उत्तर प्रदेश भूमि सुधार निगम का चार्ज हटाया गया है। अब वह केवल उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत रहेंगे। इनके पूर्व के विभागों की जिम्मेदारी अब अनिल गर्ग को दी गई है।
रवि रंजन से उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी हटा दी गई है। वह यूपी इलेक्ट्रानिक्स कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक के रूप में यथावत रहेंगे। पर्यटन विकास निगम में प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी सान्या छाबड़ा को नया एमडी बनाया गया है।
जल निगम और नमामि गंगे विभाग से जुड़ी विशेष सचिव प्रणता ऐश्वर्या से यह विभाग हटाकर उन्हें यूपी एग्रो का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव प्रभाष कुमार को नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग और जल निगम (ग्रामीण) के संयुक्त प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में कार्यरत विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। आगरा मंडल की अपर आयुक्त डॉ. कंचन सरन को राज्य महिला आयोग के सचिव के पद पर भेजा गया है।
इस फेरबदल से प्रदेश की नौकरशाही में नई ऊर्जा और कार्यक्षमता आने की उम्मीद जताई जा रही है
