CRS NEWS रायबरेली: रायबरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की दस दिवसीय प्री-बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले में शुरू हो गईं। इस दौरान कुल 68,085 परीक्षार्थी 107 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में आयोजित की जा रही हैं।
प्री-बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र प्रारूप, अंक विभाजन और समय-सीमा मुख्य बोर्ड परीक्षा के समान रखी गई है, ताकि छात्र वास्तविक बोर्ड परीक्षा के माहौल से परिचित हो सकें। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है और केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया है। प्रश्नपत्र समय से केंद्रों तक पहुंचा दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, प्री-बोर्ड परीक्षा से छात्रों को समय प्रबंधन, प्रश्नों के स्वरूप को समझने और अपनी तैयारी का आकलन करने में मदद मिलेगी। परिषद ने सभी विद्यालयों को परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
