CRS NEWS : लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर उन्होंने कहा कि भाजपा फर्जी वोट बनवाने की साजिश कर रही है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए एफआईआर का प्रारूप पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंटों और बूथ प्रभारियों को भेजा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि SIR के बाद भी मतदाता सूची में कई खामियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वीकार किया है कि चार करोड़ वोट कट रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर का भी आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने और लोगों को पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों से अवगत कराने की अपील की। साथ ही जनता से भाजपा की कथित साजिशों से सतर्क रहने को कहा।
इस दौरान सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक पदों के अभ्यर्थियों ने सपा प्रमुख से मुलाकात कर परीक्षा पूरी होने और अभिलेख परीक्षण के बावजूद परिणाम जारी न होने की शिकायत की। अभ्यर्थियों ने बताया कि दोनों पदों की शैक्षिक अर्हता समान होने से ओवरलैपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे आयु सीमा के अंतिम चरण में पहुंचे अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। अखिलेश यादव ने मामले पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।