Report CRS रायबरेली 05 जनवरी, 2023 प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने जनपद रायबरेली के गदीयानी ब्लाक राही में औघड़नाथ मंदिर तथा ब्लाक अमावा में महावीरन मंदिर बल्ला के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण हेतु किये जाने वाले कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मंदिरों में जाकर दर्शन एवं पूजन किया। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग के अन्तर्गत राज्य सेक्टर के अधीन जनपद रायबरेली में विभिन्न मंदिरों के पर्यटन विकास के लिए कुल 446.8 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है। उन्होंने बताया कि औघड़नाथ मंदिर गदियानी के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण हेतु 103.20 लाख रूपए और महावीरन मंदिर बल्ला के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण हेतु 112.16 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
उद्यान मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी नेतृत्व में प्राचीन मंदिरों का जीर्णाेद्धार एवं सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण से श्रद्धालुओं के आवागमन अधिक होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
रायबरेली में विभिन्न मंदिरों के पर्यटन विकास के लिए कुल 446.8 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत।
