ऊँचाहार,रायबरेली। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन गंगा तटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विधि विधान से गंगा स्नान कर कल्याण करने की कामना की।
शनिवार की भोर से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचे और हर हर गंगे के जयकारों के साथ पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाई। गोकना घाट, गोला, बादशाह पुर, पूरे तीर पर हजारों लोगों ने स्नान दान कर कल्याण की कामना की। बाद में भक्तों ने देवी मंदिरों में दर्शन पूजन किया। इस अवसर पर गोकना घाट पर मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण समिति की ओर से गंगा महाआरती, गंगा पूजन व दीपदान किया गया। और गहरे जल में ना स्नान करने,मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाने की अपील की गई ।जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समिति के महासचिव पं. जितेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि चैत्र नवरात्र से हिंदू नववर्ष का प्रारंभ होता है। नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा की और मां के चरणों में चुनरी , प्रसाद अर्पित किया। क्षेत्र के बहेरवा स्थित मां ज्वालादेवी मन्दिर में भोर से ही मां की पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ शुरू हो गई।
