रायबरेली | गंगा घाट पर मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, श्रद्धालुओं में दहशत
CRS न्यूज रायबरेली जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भरुकुशापूर गंगा घाट पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा स्नान के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और कई लोगों ने स्नान करना टाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ कुछ देर तक पानी में दिखाई देता रहा, जिसका किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद आसपास के गांवों में भी भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर मगरमच्छ की निगरानी की जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। वहीं इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में गंगा स्नान को लेकर डर बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।