CRS NEWS रायबरेली : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती के 70वें जन्मदिन पर उन्हें राजनीतिक जगत से शुभकामनाएं मिलीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मायावती को जन्मदिन की बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में मायावती के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने लिखा कि वे प्रभु श्रीराम से उनके स्वस्थ और लंबी आयु की प्रार्थना करते हैं। मुख्यमंत्री के साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी बसपा सुप्रीमो को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
वहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मायावती के संघर्षों की सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि मायावती ने शोषित, वंचित, उत्पीड़ित और उपेक्षित समाज के मान-सम्मान और अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया है। उन्होंने उनके स्वस्थ, स्वतंत्र और सक्रिय जीवन की कामना की।मायावती के जन्मदिन के अवसर पर बसपा की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने केक काटकर और जनसेवा कार्यक्रम आयोजित कर उनका जन्मदिन मनाया।
उल्लेखनीय है कि मायावती का जन्म 15 जनवरी 1956 को दिल्ली के एक साधारण परिवार में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षिका थीं। बसपा संस्थापक कांशीराम से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जल्द ही उनकी प्रमुख उत्तराधिकारी के रूप में उभरीं। मात्र 40 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालकर उन्होंने प्रदेश की राजनीति में नया इतिहास रचा।
