CRS NEWS रायबरेली : यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद रायबरेली में प्री-बोर्ड परीक्षाएं जनवरी के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं पूरी तरह मुख्य बोर्ड परीक्षा के समान प्रारूप में होंगी, ताकि छात्र वास्तविक परीक्षा से पहले अभ्यास कर सकें।
जनपद में कुल 68,085 छात्र-छात्राएं प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 37,830 और इंटरमीडिएट के 30,255 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
प्री-बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र प्रारूप, अंक विभाजन और समय-सीमा मुख्य बोर्ड परीक्षा के अनुरूप होगी। इससे छात्रों को समय प्रबंधन, प्रश्नों के स्वरूप को समझने और परीक्षा के दबाव से परिचित होने में मदद मिलेगी। परीक्षा लगभग छह दिन तक चलेगी।जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिषद द्वारा प्री-बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी विद्यालयों और केंद्र व्यवस्थापकों को समय रहते तैयारियां पूरी करने तथा परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों का वितरण भी शुरू हो चुका है।प्री-बोर्ड परीक्षा के आयोजन से छात्रों को मुख्य परीक्षा से पहले अपनी तैयारी परखने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा और परीक्षा से जुड़ी सभी बारीकियों की जानकारी भी प्राप्त हो सकेगी।
