डलमऊ (रायबरेली): कोटेदार की मनमानी से आक्रोशित ग्रामीणों ने समाधान दिवस में की शिकायत, कार्रवाई की उठाई मांग
डलमऊ, रायबरेली। विकासखंड डलमऊ क्षेत्र के पखरौली और भीरा गोविंदपुर ग्राम पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर कोटेदार की मनमानी के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने घटतौली, बदसलूकी और अनियमित वितरण का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पखरौली गांव से पहुंचे सुशील सैनी, ननकी, मानशी, शिवप्यारी, पूनम, बिटूला, फुलवासा, राकेश, प्रेम, रूबी, छोटेलाल और रमेश कुमार सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार राशन वितरण में भारी घटतौली करता है। ईंटों के बाटों से राशन तौला जाता है और कार्डधारकों से बदसलूकी की जाती है। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं भीरा गोविंदपुर गांव से रामबरन, ज्ञानवती, निशा, सुनीता, हरिकेश, चंद्रावती, राजवती, रामदुलारी और सुकेश सहित अन्य ग्रामीणों ने भी कोटेदार की शिकायत करते हुए कहा कि दो अलग-अलग तराजू से तौलकर मनमर्जी से राशन दिया जाता है। विरोध करने पर कार्ड धारकों को धमकाया और भगा दिया जाता है।
ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समाधान दिवस में जिलाधिकारी स्वयं मौजूद रहेंगे, लेकिन उनके न आने से लोग निराश हुए। जिला पूर्ति अधिकारी रहमान ने उपस्थित होकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और भरोसा दिलाया कि जिला स्तर से कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, ग्रामीण आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और देर तक समाधान दिवस कक्ष के बाहर प्रदर्शन करते रहे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख डलमऊ पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जहां ग्रामीणों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषी कोटेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे।
