CRS NEWS: लखनऊ, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मिशन रोजगार के अंतर्गत चयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना प्रत्येक कल्याणकारी सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू जनजाति की बेटियों का चयन इस बात का उदाहरण है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बीते वर्षों में शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार ने बड़े पैमाने पर काम किया है।
सीएम योगी ने कहा कि बेहतर शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए 5,000 से अधिक बाल-वाटिकाओं का संचालन शुरू किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों के पुनरुद्धार के लिए ऑपरेशन कायाकल्प चलाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में आंगनबाड़ी केंद्रों तथा गांव की गलियों से ही मजबूत नींव तैयार होगी। उन्होंने नई नियुक्त मुख्य सेविकाओं और फार्मासिस्टों से अपेक्षा जताई कि वे प्रदेश को स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध बनाने में अपनी भूमिका का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नवचयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।
