CRS NEWS रायबरेली: ऊंचाहार के सपा बागी विधायक मनोज कुमार पांडेय ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर अप्रत्यक्ष रूप से हिदायत दी है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए गए सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया में पांडेय ने नाम लिए बिना अखिलेश यादव को सलाह दी कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए।
मनोज पांडेय ने कहा, “मेरी सभी लोगों से विनती है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर उंगली न उठाएं। चुनाव की तिथि तय करना और उसे टालना पूरी तरह से चुनाव आयोग का दायित्व है, इसलिए इस पर किसी को टिप्पणी करने से बचना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि आगामी उपचुनाव में इस बार का मतदान ‘सुशासन’ के नाम पर होगा, और जनता का समर्थन भी इसी मुद्दे के आधार पर प्राप्त होगा। पांडेय के इस बयान को पार्टी के भीतर एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो सपा में गहराते मतभेदों को उजागर करता है।
