CRS NEWS रायबरेली: (ऊंचाहार), 27 अक्टूबर 2024 – रायबरेली जिले के ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के रोहनिया ब्लॉक के ग्राम सभा उमरन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब्लॉक अध्यक्ष हरकेश बहादुर मौर्य ने पावर हाउस कर्मचारियों की तानाशाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
आज सुबह भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष हरकेश बहादुर मौर्य के घर का बिजली कनेक्शन अचानक से काट दिया गया। मौर्य ने बताया कि उनके परिवार के आठ सदस्य बुखार और डेंगू से ग्रसित हैं और उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रोहनिया में चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके घरेलू बिजली बिल में कुछ बकाया है, जिसे जल्द ही जमा किया जाएगा। इसके बावजूद रोहनिया पावर हाउस के कर्मचारी ने बलपूर्वक बिजली कनेक्शन काट दिया और धमकी देते हुए कहा कि “हिम्मत हो तो केविल जुड़वा लेना।”
इस अभद्र व्यवहार और तानाशाही के विरोध में हरकेश बहादुर मौर्य के साथ कई भाजपा कार्यकर्ता, जिनमें उपेंद्र सिंह, तूफान सिंह, सुमित सिंह, शैलेंद्र कुमार मौर्य, राम मूरत जायसवाल, राजेश तिवारी, और बुद्धि लाल शामिल थे, रोहनिया पावर हाउस के परिसर में धरने पर बैठ गए।
धरने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पावर हाउस के कर्मचारी आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से दोषी कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की तानाशाही जनता के प्रति दुर्भावना को बढ़ावा देती है और स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि वह कर्मचारियों की इस तरह की मनमानी को रोके।
रोहनिया ब्लॉक में इस घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
