CRS NEWS रायबरेली: ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने एक वीडियो जारी कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं, विशेष रूप से राज्य मंत्री दिनेश सिंह पर तीखा हमला बोला। वीडियो में उन्होंने दिनेश सिंह से कहा कि वे “विधवा विलाप” करना बंद करें। सिंह ने आरोप लगाया कि दिनेश सिंह प्रियंका गांधी का नाम लेकर केवल सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।
अतुल सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अपनी नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी को सहन नहीं करेगी। उन्होंने बीजेपी नेता और लोकसभा प्रत्याशी दिनेश सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि जो नेता अपने बूथ और न्याय पंचायत में जीत दर्ज नहीं कर सके, वे आज राहुल गांधी पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी 3,90,000 मतों के बड़े अंतर से चुनाव जीते हैं और बीजेपी नेताओं को यह बात समझनी चाहिए।
सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब ये नेता सुबह उठते होंगे, तब जो खंभा भी उन्हें दिखाई देता होगा, वह भी गांधी परिवार की देन है।”
अतुल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर मोदी जी को अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद, और ओमप्रकाश राजभर की पार्टियों का समर्थन न मिला होता, तो वे चुनाव हार जाते। उन्होंने कहा कि गठबंधन के बिना मोदी जी की जीत संभव नहीं थी।
