दुर्गा पूजा समारोह आयोजित
न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाखा सलोन, रायबरेली के परिसर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जगज्जननी माँ दुर्गा का पूजन अर्चन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के छात्र – छात्राओं द्वारा भक्तिमय गीत- संगीत प्रस्तुत किए गए। जहां कक्षा आठवीं की छात्रा रिद्धिमा वर्मा ने ‘ प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ को अत्यंत भाव-भंगिमाके साथ गाकर समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया वहीं कक्षा नौवीं की आयना ने शक्ति स्वरूपा मां भगवती का स्वरूप अभिनीत कर सभी को सम्मोहित सा कर दिया। माता रानी का दिव्य दरबार भी सजाया गया जहां शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा आरती-पूजन किया गया। आज के इस कार्यक्रम का आरंभ प्रातः काल ही विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा कलश स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ।इस अवसर पर प्रधानाचार्या जी ने अपने संबोधन में बताया कि नवरात्रि शक्ति के उपासकों का महत्वपूर्ण पर्व है। आज की वास्तविक शक्ति शिक्षा है और शिक्षार्थी सच्चे उपासक हैं। इस तरह शिक्षार्थी पूरे मन के साथ स्वाध्याय करके अपने भावी जीवन को सुख-समृद्धिपूर्ण एवं अपराजेय बना सकते हैं। अपने वक्तव्य का समापन करते हुए उन्होंने सभी शिक्षक- शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, विद्यार्थियों और क्षेत्र वासियों को नवरात्रि की मंगल कामनाएं ज्ञापित कीं।
