रिपोर्ट मोहम्मद जावेद
सलोन रायबरेली
एंकर- रायबरेली में सांप काटने के बाद झाड़फूंक के चक्कर में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों मासूम सगे भाई कमरे के भीतर एक साथ सो रहे थे। दोनों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। मामला सलोन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव का है। यहां के रहने वाले शिव कुमार के दो बेटे 13 वर्षीय मयंक और 9 वर्षीय यश एक साथ कमरे में सो रहे थे। एक बच्चे को सांप ने काटा तो वह रोता हुआ आकर पिता से बोला कि उसे सांप ने काट लिया है। जब तक परिजन भाग कर कमरे में पहुंचते तब तक सांप ने दूसरे बच्चे को भी डस लिया। परिजनों ने सांप को कमरे से भागते हुए भी देखा उसके बावजूद अस्पताल ले जाने की जगह झाड़फूंक के चक्कर में पड़ गए। परिजन दोनों को झाडफूंक के लिए पड़ोस के गांव में ले गए जिसके चलते इलाज मिलने में देरी हो गई। काफी समय गुज़र जाने के बाद परिजन दोनों बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
