CRS NEWS रायबरेली: हमीरपुर के मेरापुर मोहल्ले में बर्थडे पार्टी के दौरान डीजे का फ्रेम गिरने से तीन वर्षीय बच्ची सुरभि की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी योगेश कुमार के बेटे के जन्मदिन के अवसर पर डीजे लगाया गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद, बच्ची अपने घर लौट रही थी, तभी डीजे का फ्रेम अचानक गिर पड़ा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया गया, लेकिन आर्थिक संसाधन जुटाने में हुई देरी के कारण सुरभि को समय पर कानपुर नहीं ले जाया जा सका और देर रात उसने जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली।
मासूम की मौत से परिवार में गहरा शोक है। मृतका की मां उमा ने इस घटना के लिए डीजे संचालक योगेश कुमार को दोषी ठहराते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
