CRS NEWS रायबरेली : लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में कोहरे के कारण रद्द हुए भारत–दक्षिण अफ्रीका टी-20 मुकाबले के टिकटों का रिफंड मंगलवार से शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से दर्शकों को टिकट के पैसे लौटाए जा रहे हैं।
यूपीसीए के अनुसार, ऑफलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शक इकाना स्टेडियम के गेट नंबर-दो के पास लगाए गए काउंटर से टिकट जमा कर 22 जनवरी तक अपना पैसा वापस ले सकते हैं। काउंटर अगले 10 दिनों तक खुला रहेगा।
वहीं, ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शकों को रिफंड की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जा रही है। इसके लिए उन्हें स्टेडियम आने की आवश्यकता नहीं होगी।
गौरतलब है कि 17 दिसंबर को लखनऊ में अत्यधिक कोहरे के चलते भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला टी-20 मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया था। इसके बाद से ही दर्शक टिकट रिफंड का इंतजार कर रहे थे।
यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि रिफंड प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और सभी पात्र दर्शकों को तय समय सीमा में उनकी राशि लौटा दी जाएगी।