CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। जिले के लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवक बोलेरो वाहन लेकर सीधे रेलवे प्लेटफॉर्म पर घुस आए। बोलेरो को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तेज रफ्तार में दौड़ाया गया, इस दौरान वाहन का एक हिस्सा ट्रैक की ओर झुक गया, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई।
मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वे विवाद करने लगे और अभद्रता पर उतर आए। किसी तरह बोलेरो को प्लेटफॉर्म से नीचे उतारने के बाद युवक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में स्टेशन मास्टर रामकुमार ने आरपीएफ पोस्ट ऊंचाहार को लिखित तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर आरपीएफ ने अज्ञात बोलेरो सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टेशन अधीक्षक लक्ष्मणपुर इंद्र कुमार ने बताया कि पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। वहीं आरपीएफ पोस्ट ऊंचाहार के प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके लिए जगतपुर थाना पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
आरपीएफ का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
