CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली पुलिस ने जगतपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश निवासी एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार छह जनवरी की रात दुर्गा मंदिर से करीब तीन क्विंटल से अधिक पीतल के घंटे चोरी किए गए थे। मामले में एसओजी और जगतपुर पुलिस टीम संयुक्त रूप से जांच कर रही थी। रविवार देर रात शारदा नहर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिन में मंदिरों की रेकी करते थे और रात में महिला साथी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देते थे, ताकि किसी को शक न हो। आरोपियों के कब्जे से 3.16 क्विंटल पीतल के घंटे, 7 हजार रुपये नकद, एक अवैध असलहा और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन पर विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।