CRS NEWS रायबरेली – उत्तर प्रदेश सरकार जहां सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए निरंतर निर्देश जारी कर रही है, वहीं रायबरेली जनपद में इन निर्देशों के अनुपालन में केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की सभी सड़कों को 10 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त करने का आदेश जारी किया था, परंतु जिले में इन आदेशों का प्रभावी पालन होता नहीं दिख रहा।
जानकारी के अनुसार, जनपद के चणरई-सूची मार्ग पर स्थित बिन्दागंज चौराहे के पास की सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में गड्ढे भरकर जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली है, जबकि बाकी क्षेत्रों में सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस अनदेखी पर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिले में सड़कों की मरम्मत में उदासीनता बरती जा रही है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सड़कों की खराब स्थिति से आम जनता को प्रतिदिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
जनता ने प्रशासन से मांग की है कि रायबरेली की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त किया जाए ताकि यातायात में सुधार हो और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
