CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली के डलमऊ कस्बे में बुधवार को दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पतंग उठाने के दौरान सड़क पार कर रहे अली को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अली को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स में इलाज के दौरान बालक ने दम तोड़ दिया।
हादसा डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के मुराई बाग कस्बे में पुरानी नगर पंचायत कार्यालय के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार लखीमपुर खीरी में तैनात तहसीलदार सदर की निजी कार थी, जिसके पीछे ‘मजिस्ट्रेट’ लिखा हुआ था। कार मुराई बाग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी।
मृतक अली, कस्बे के मियां टोला मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त फौजी आफाक हुसैन का पुत्र था। आफाक हुसैन वर्तमान में एम्स में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात हैं। अली अपने पिता के परिवार में इकलौता पुत्र था और कक्षा पांच का छात्र था। उसके निधन से माता नौशीन अख्तर और बहनों नाजिया व हेरा हुसैन का रो-रोकर बुरा हाल है।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन से उतारने की कोशिश की, लेकिन हंगामा बढ़ता देख चालक स्वयं घायल बालक को कार से सीएचसी ले गया। बाद में उसी वाहन से अली को एम्स भी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
डलमऊ कोतवाल राघवन सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन से घायल बालक को अस्पताल पहुंचाया गया था। एम्स में शव का पंचनामा कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।