महाशिवरात्रि पर गौरीशंकर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गदागंज क्षेत्र के विकास खंड दीन शाह गौरा के सुल्तानपुर जनौली गांव स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर-पार्वती का जलाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर लगभग 100 वर्ष प्राचीन है और यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें अवश्य पूर्ण होती हैं। मंदिर के पुजारी ने बताया कि प्रातः काल से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर बाद भीड़ कुछ कम हुई, लेकिन पूरे दिन भक्तों का आना-जाना लगा रहा।
प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर माथा टेकते हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। सावन माह में भी बड़ी संख्या में भक्त भगवान शिव के दर्शन और पूजा के लिए मंदिर आते हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुआ।