रायबरेली में दबंगई की हद, सड़क पर बुजुर्ग की बेरहमी से की गई पिटाई, वीडियो हुआ वायरल
रायबरेली जिले में महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के हैदरगढ़ रोड पर एक घटना ने समाज को शर्मसार कर दिया। एक दबंग युवक ने बीच सड़क पर एक बुजुर्ग को जमकर पीटा, उसे जमीन पर गिराकर लातें मारीं। पीड़ित बुजुर्ग की कराहें की आवाज सुनकर आसपास के लोग देखते रह गए, लेकिन किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई। पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दबंग का क्रूर चेहरा साफ दिख रहा है, जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है।
यह घटना पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर रायबरेली पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। आधिकारिक एक्स हैंडल @RaibareliPolice पर ट्वीट कर सूचना दी गई कि प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज को आवश्यक विधिक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
