रायबरेली: आकाशीय बिजली गिरने से 21 बकरियों की मौत, महिला झुलसी
रायबरेली, 18 सितंबर।
जनपद रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक राही के ग्राम सभा जरौला स्थित पिपरहा गांव में आज दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। लगभग डेढ़ बजे हुई तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 21 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बुद्धू की पत्नी सूरज देई दोपहर के समय अपनी बकरियों को चराने खेत की ओर गई थीं। तभी मौसम बिगड़ने पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर सभी 21 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सूरज देई भी इस हादसे में झुलस गईं और घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। ग्रामवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवज़ा और मदद की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
