ऊंचाहार, रायबरेली। ऊंचाहार के मुख्य रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवर ब्रिज के सर्विस रोड पर जल भराव होने से क्षेत्र के लोगों को रही दुश्वारी पर चिन्ता जताते हुए समाजवादी पार्टी से छात्र सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष शुभम पाल ने डीएम को पत्र लिखकर समस्या का समाधान कराने की अपील की है।
नगर के मेन रेलवे क्रॉसिंग पर राहगीरों को यातायात में सुगमता के लिए पांच वर्ष से अधिक पहले ओवर ब्रिज बनाई गई थी जिसमें दोनो ओर सर्विस रोड बनाई गई है। एनएचएआई द्वारा ब्रिज के पूरे मानी मजरे खोजनपुर से सलोन रोड तक, और मेन चौराहे से रेलवे क्रॉसिंग तक पक्की सड़क का निर्माण करवा दिया गया किन्तु इसके दूसरी ओर सड़क को बदहाल अवस्था में ही छोड़ दिया गया। जिस तरफ पक्की सड़क बनवाई भी गई है इसमें नाली निर्माण न करने पर निकास न होने से हल्की बारिश में भी सड़क पर भीषण जल भराव हो जाता है। इसमें स्कूली बच्चे, दैनिक श्रमिक, व्यवसाई, बूढ़े – बच्चे समेत नगर और ग्रामीण क्षेत्र के हज़ारों राहगीरों का आना जाना होता है। इसी सड़क पर गड्ढे होने के चलते जल भराव के कारण पता न चलने पर इसमें दर्जनों लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। दूसरी ओर सर्विस रोड पर बड़े बड़े गड्ढे और जल भराव से लोग गिरकर घायल होते रहते हैं। स्थानीय निवासी इस भयंकर मुसीबत से निजात पाने के लिए व्याकुल हैं। लेकिन न ही सांसद, विधायक, और न ही नगर पंचायत अध्यक्ष कोई इनकी समस्या सुनने वाला नहीं है। कई बार स्थानीय लोगों के शिकायत करने के बाद भी न ही एनएचएआई अधिकारियों द्वारा और न ही प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई की गई। परीणाम स्वरूप समस्या ज्यों की त्यों बनी चली आ रही है। क्षेत्र के लोगों को हो रही समस्या को देखते हुए खोजनपुर निवासी शुभम पाल पूर्व जिला अध्यक्ष ( छात्र सभा ) सामाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का निवेदन किया है।
