ऊँचाहार। बस से यात्रा के दौरान एक युवक जहरखुरानों का शिकार हो गया। बस चालक ने क्षेत्र के अरखा गाँव के निकट हाईवे से लगाकर एक स्थान पर बस से नीचे उतार दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने युवक को सीएचसी पहुंचाकर उसका इलाज कराया है।
गोरखपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के कस्बा गंगोह निवासी राजन एनटीपीसी परियोजना के अरखा स्थित राख निस्तारण केंद्र पर नौकरी करता है। करीब दस दिन पूर्व वो परियोजना प्रबंधन से अवकाश लेकर घर गया हुआ था। शुक्रवार की देर शाम परिवहन विभाग की बस से अरखा ऐशपांड के लिए वापस लौट रहा था। तभी रास्ते में कहीं जहरखुरानी गैंग का शिकार हो गया। जिसे गंभीर अवस्था में बस चालक व यात्रियों द्वारा अरखा गांव के निकट लखनऊ प्रयागराज हाईवे के किनारे बेहोशी अवस्था में उतार दिया गया,राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को पड़ा हुआ देख पीआरवी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने युवक को गंभीर अवस्था में सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक जहरखुरानी गैंग का शिकार हुआ था। जो गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इलाज के बाद स्वास्थ्य होने पर उसे भेज दिया गया है।
वहीं कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि पीआरवी पुलिस द्वारा घटना की सूचना मिली है। किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।