CRS AGENCY। भारत और पाकिस्तान…जब इन दो मुल्कों का मुकाबला क्रिकेट के मैदान पर होता है तो दुनिया थम सी जाती है. मुकाबला वर्ल्ड कप का हो तो फिर क्या ही कहने. दुनिया के करोड़ों लोग अपना काम छोड़कर सिर्फ और सिर्फ इस मैच पर नजरें गढ़ाए रखते हैं. एक बार फिर भारत और पाकिस्तान वर्ल्ड कप में एक-दूसरे से भिड़ने वाले हैं. ये मुकाबला अहमदाबाद में 15 अक्टूबर को खेला जाना है लेकिन इस मैच को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. खबर ये है कि भारत-पाकिस्तान का मैच किसी और तारीख को खेला जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मैच एक दिन पहले 14 अक्टूबर को हो सकता है. इसकी वजह है नवरात्रि, जिसका आगाज 15 अक्टूबर को होना है. गुजरात में नवरात्रि का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है और इसकी सुरक्षा के लिए भारी मात्रा में सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं. ऐसे में अगर 15 अक्टूबर को ही भारत-पाकिस्तान मैच होता है तो सुरक्षा एजेंसियों को दोनों जगह सुरक्षा देने में दिक्कतें आ सकती है. बस यही वजह है कि इस मुकाबले का शेड्यूल बदलने के लिए बीसीसीआई तक बात पहुंच चुकी है. वैसे आपको बता दें भारत-पाकिस्तान का मैच होना तो नवरात्रि के आगाज के दिन 15 अक्टूबर को ही चाहिए. वो इसलिए क्योंकि अगर ये मैच 15 तारीख को हुआ तो टीम इंडिया पर कृपा बरसनी तय है. आइए आपको बताते हैं क्यों?
15 तारीख को पाकिस्तान पर भारी हिंदुस्तान
आपको बता दें पिछले 16 सालों में भारतीय टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 तारीख बेहद लकी साबित हुई है. 15 तारीख को भारत और पाकिस्तान के बीच 3 वनडे मैच हुए हैं और तीनों में ही हिंदुस्तान ने विजयी पताका लहराई है. आइए अब आपको बताते हैं कि भारत ने 15 तारीख को पाकिस्तान के खिलाफ कैसे जीत हासिल की है?
15 तारीख टीम इंडिया के लिए शुभ
15 नवंबर, 2007-भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला ग्वालियर में खेला गया था. पाकिस्तान की टीम भारत दौरे पर आई थी और ये सीरीज का चौथा मैच था. इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए. उसके बाद शुरू हुई भारतीय पारी और शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने गांगुली और गंभीर के विकेट जल्दी गंवा दिए लेकिन इसके बाद यकीन मानिए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को सांस तक नहीं लेने दी. सचिन ने इस मैच में ताबड़तोड़ 97 रन बनाए. वो शतक से जरूर चूके लेकिन भारत ने 21 गेंद पहले ही 6 विकेट से मैच जीत लिया।