ऊंचाहार। शारदीय नवरात्रि पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पंडालों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के भूविसर्जन को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक विश्व विश्वजीत श्रीवास्तव ने गोकना घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोकना घाट के किनारे दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के गंगा में स्नान के दौरान जलधारा में बैरिकेटिंग करने व नाव तथा गोताखोरों के तैनात रहना सुनिश्चित करने के थाना प्रभारी को निर्देश दिए। इस बाबत तीर्थपुरोहितों के साथ स्नानार्थियों के सुरक्षा आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुरोहित एवं मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के सचिव पं. जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि शारदीय नवरात्रि एवं मास की अमावस्या व पूर्णमासी को यहां घाट पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के स्नान के लिए जलधारा में बैरिकेटिंग व नाव की व्यवस्था रहती है। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घाट के किनारे दुर्गा प्रतिमाओं के भू विसर्जन के लिए स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी को मूर्तियों के भू विसर्जन के दौरान यहां लाने के लिए श्रद्धालुओं पर नजर रखने को कहा। उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली व लोडर आदि पर सवारियों को ढोने पर सरकार के पाबंदी आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार अजय कुमार गुप्ता, तीर्थपुरोहित पं. जितेन्द्र द्विवेदी, हर प्रकाश दीक्षित, शिव वचन मिश्रा ,सत्यम द्विवेदी, रमेश कुमार द्विवेदी, सोमेश कुमार,राजस्व निरीक्षक राम प्रकाश त्रिपाठी, लेखपाल हनुमंत प्रसाद, सीएचसी के चिकित्सक, प्रधान प्रतिनिधि बृजेश यादव के अलावा अन्य लोग भी मौजूद रहे।
