CRS AGENCY। दिल्ली में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच शुक्रवार को मच्छरों की ब्रीडिंग मिलने पर लगने वाला जुर्माना बढ़ा दिया गया है। दिल्ली सरकार ने आदेश जारी कर कहा कि अब जांच के दौरान घरों में मच्छरों की ब्रीडिंग मिलने पर एक हजार रुपए का जुर्माना लगेगा। वहीं, कमर्शियल जगहों में मिलने पर 5 हजार का जुर्माना देना पड़ेगा।
- इससे पहले, मच्छरों की ब्रीडिंग मिलने पर 500 रुपए का जुर्माना देना पड़ता था। दरअसल, डेंगू की रोकथाम को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज उच्च स्तरीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक में यह फैसला लिया गया।
24 जुलाई को जारी नगर निकाय की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल 22 जुलाई तक दिल्ली में डेंगू के कुल 187 मामले सामने आए हैं, जो 2018 के बाद से इस टाइम पीरियड् में सबसे ज्यादा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के पहले तीन हफ्तों में डेंगू के मामलों की संख्या 65 थी, जबकि यह संख्या जून में 40 और मई में 23 थी। वहीं, 2022 में दिल्ली में 1 जनवरी से 22 जुलाई के बीच डेंगू के 159 मामले सामने आए थे, जबकि 2021 में इसी समय में डेंगू के 47 मामले सामने आए थे।
डेंगू चार वायरसों के कारण होता है
डेंगू को हड्डी तोड़ बुखार के नाम से भी जाना जाता है। एक फ्लू जैसी बीमारी है, जो डेंगू वायरस के कारण होती है। यह तब होता है, जब वायरस वाला एडीज मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है। डेंगू 4 वायरसों के कारण होता है। इनके नाम – डीईएनवी-1, डीईएनवी-2, डीईएनवी-3 और डीईएनवी-4 हैं।
