शिवपुरी गांव में सड़क की दुर्दशा पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्तिक पूर्णिमा मेले से पहले मरम्मत की मांग
डलमऊ (रायबरेली): तहसील क्षेत्र के शिवपुरी गांव में खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र यादव व प्रधान प्रतिनिधि ललित कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
वीरेंद्र यादव ने बताया कि आगामी 5 नवंबर को डलमऊ में ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला आयोजित होना है, लेकिन शिवपुरी मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह सड़क हजारों श्रद्धालुओं के आवागमन का मुख्य मार्ग है, और यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो आमजन को भारी असुविधा होगी।
प्रधान प्रतिनिधि ललित कुमार ने चेतावनी दी कि यदि मेले से पहले सड़क की मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामवासी व्यापक धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल सड़क की मरम्मत कराए ताकि कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।