जनपद में हर्षाेल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, कलेक्ट्रेट ने ध्वजारोहण कर जिलाधिकारी ने दिलाई भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ


।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
CRS शाहजहांपुर, 26 जनवरी।जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, महापौर अर्चना वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, सुभाष चन्द्र बोस, नगर निगम परिसर में पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह तथा शहीद उद्यान में बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने शहीद परिवारों को सम्मानित करते हुए जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए, जिसके लिए प्रदेश और जनपद का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनपद में करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं चल रही हैं, जिनमें सड़क, पुल, मंदिर सौंदर्यीकरण एवं खेल सुविधाओं का विकास प्रमुख है। कोलाघाट पर 160 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, जलालाबाद में भगवान परशुराम मंदिर एवं रामताल, तथा 50 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना प्रगति पर है। नक्षत्रशाला हॉकी क्लब में नेशनल लेवल का एस्ट्रो टर्फ एवं फ्लड लाइट भी स्थापित की जा रही है।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में आयोजित किया गया। मंत्री जी ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के साथ ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया। माननीय मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने संबोधन में मंत्री जी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ, जो विश्व का सबसे बड़ा लिखित एवं लचीला संविधान है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया तथा शांति, भाईचारे और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की। माननीय मंत्री ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण, एमएसएमई प्रोत्साहन, महिला आरक्षण एवं रोजगार सृजन जैसे प्रयासों से प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।
उन्होंने पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को 5 दिन का विशेष अवकाश देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों एवं कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, नगर आयुक्त डॉ विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, विधायक सलोन कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीसी राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
