शटरिंग व्यवसाई की छत से गिरकर दर्दनाक मौत
गदागंज, रायबरेली —
गदागंज थाना क्षेत्र के विशुन दासपुर मजरे सुदामापुर गांव निवासी इंद्रसेन यादव (32 वर्ष) पुत्र राम शंकर की रविवार को इलाज के लिए ले जाते समय सड़क मार्ग में ही मौत हो गई। इंद्रसेन यादव पेशे से शटरिंग व्यवसाई थे।
दो दिन पहले मुतवल्लीपुर गांव में निर्माणाधीन मकान पर शटरिंग का कार्य देखते समय पैर फिसल जाने से वे छत से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
रविवार को इलाहाबाद ले जाते समय जगतपुर के पास ही उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी अर्चना यादव और 5 वर्षीय पुत्र अभिनय यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।
मखदूमपुर चौकी इंचार्ज प्रकाश पांडेय ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की छत से गिरकर हुई गंभीर चोटों के चलते आज मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
