गदागंज पुलिस द्वारा साइबर ठगी के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
रायबरेली। गदागंज थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में बढ़ रही ऑनलाइन साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गदागंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान दरोगा अजय पटेल ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि यदि आपके मोबाइल पर किसी भी प्रकार का ओटीपी (OTP) आता है तो उसे किसी के साथ साझा न करें। साथ ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के कहने पर अपनी व्यक्तिगत या बैंक से जुड़ी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से आसानी से बचा जा सकता है।
इस जागरूकता अभियान में दरोगा मनीष, दीवान दिनेश सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहा। कार्यक्रम में धमधमा ग्राम प्रधान मोबीन अंसारी सहित क्षेत्र के कई संभ्रांत नागरिकों ने भी भाग लिया और पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
गदागंज पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
