CRS NEWS: रायबरेली ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गदागंज चौराहे से दीन शाह गौरा तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जिलेदार का पुरवा के पास सड़क की हालत इतनी खराब है कि अब यह गड्ढों में तब्दील हो गई है। भारी संख्या में ओवरलोड डंपरों की आवाजाही से मार्ग की स्थिति दिन-ब-दिन और भी दयनीय होती जा रही है।
इस मार्ग से हर दिन हजारों लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), ब्लॉक कार्यालय और विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की टूटी हुई हालत उनके लिए किसी मुसीबत से कम नहीं। दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए उन्होंने कई बार शिकायत की, परंतु न तो प्रशासन ने ध्यान दिया और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई कार्रवाई की। क्षेत्र के लोग नाराज़ हैं कि सांसद राहुल गांधी और विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय के क्षेत्र में होने के बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके।