CRS NEWS रायबरेली : गोंडा। जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के भटपी गांव में नवजात के जन्म पर बधाई देने जा रहे चार युवकों की शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर बेंदुली मोड़ के पास, रात करीब 11 बजे उनकी तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर एक आम के पेड़ से टकराई और गड्ढे में जा पलटी। हादसे में बोलेरो में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अभिषेक साहू (21) निवासी ठड़क्की-पट्टी दुल्लापुर तरहर, रामबचन पांडेय (23) निवासी तिवारीबाजार झंझरी, दीपू मिश्र (21) निवासी दुर्गापुर तरहर कचनापुर, और कर्म सिंह (24) निवासी कंसापुर के रूप में हुई है। वाहन चला रहे दीपू मिश्र के भाई की ससुराल भटपी गांव में है, और सभी युवक वहां नवजात के जन्म पर बधाई देने जा रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही गश्त पर निकले वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमन कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बोलेरो से बाहर निकाला और एंबुलेंस से उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे तेज रफ्तार व बोलेरो के अनियंत्रित होने को प्राथमिक कारण माना जा रहा है।
