वक़्फ़ संपत्तियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 फरवरी, मुतवल्लियों से शीघ्र इंद्राज कराने की अपील।
शाहजहांपुर। वक़्फ़ संपत्तियों को भारत सरकार द्वारा संचालित ‘उम्मीद’ पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए मुतवल्लियों हेतु 12 फरवरी को अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिन वक़्फ़ संपत्तियों का ऑनलाइन पंजीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें भविष्य में विभिन्न कानूनी व प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार अब भी बड़ी संख्या में वक़्फ़ संपत्तियां ऐसी हैं, जिनका इंद्राज तकनीकी कारणों, आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा जानकारी के अभाव में नहीं हो सका है। प्रशासन और वक़्फ़ बोर्ड ने सभी मुतवल्लियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र ही अपनी-अपनी वक़्फ़ संपत्तियों का पंजीकरण ‘उम्मीद’ पोर्टल पर पूर्ण कर लें।
पोर्टल पर पंजीकरण से वक़्फ़ संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित होगा, जिससे अवैध कब्ज़ों पर रोक लगाने, संपत्तियों के संरक्षण, विकास एवं पारदर्शी प्रबंधन में सहायता मिलेगी। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद या दस्तावेज़ी समस्या से बचा जा सकेगा। पोर्टल में पंजीकरण के समय वक़्फ़नामा, खसरा-खतौनी/राजस्व अभिलेख, नक्शा, फोटो व अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। यदि किसी मुतवल्ली को पंजीकरण प्रक्रिया में कठिनाई आती है, तो वे संबंधित वक़्फ़ कार्यालय या सहायता केंद्र से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने मुतवल्लियों से कहा है कि वे 12 फरवरी से पूर्व अपनी वक़्फ़ संपत्तियों का इंद्राज सुनिश्चित कराएं, ताकि वक़्फ़ संपत्तियों की सुरक्षा और विधिसम्मत व्यवस्था कायम रह सके। अगर किसी को कोई दिक्कत हो रही हो तो वह मदरसा नुरुल हुदा बिजलीपूरा में क़ायम हेल्प सेंटर में राब्ता कर सकता है।
