CRS NEWS रायबरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर में दर्शन-पूजन किया और गौसेवा कर मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवरात्र के विशेष पर्व को देखते हुए मंदिर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम करने के बाद सुबह पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ पाटेश्वरी देवी की आरती उतारी और फूल-माला अर्पित कर आशीर्वाद लिया। पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की गौशाला का दौरा किया, जहाँ उन्होंने गायों को अपने हाथों से चारा खिलाया और गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को विशेष रूप से दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट भी दी। इस पूरे कार्यक्रम में मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।नवरात्र के अवसर पर देवीपाटन मंदिर में उमड़ी भीड़ और धार्मिक उत्सव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए
