बदायूँ- बिसौली नगरपालिका के हाल में प्रस्तावित चार ठेकों में से शनिवार व बुधबाजार के ठेकों की नीलामी हुई। नायब तहसीलदार अजहर अली की निगरानी में हुई नीलामी में दो अतिक्रमण में ध्वस्त दुकानों के मलबे सहित दो ठेकों की बोली नहीं लग सकी।
पालिका सभागार में आयोजित नीलामी बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार अजहर अली ने कहा कि पालिका प्रशासन को अधिक से अधिक आय के साधनों को उत्पन्न करने की महती आवश्यकता है। चेयरमैन अबरार अहमद ने कहा कि अपने चार वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने सदैव जनता की सेवा के साथ साथ पालिका की आय बढ़ाने का भी प्रयास किया है। ईओ नवनीत कुमार ने कहा कि पालिका की आय बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाते रहेंगे। चार ठेकों में से दो शनिवार बाजार व बुधबाजार के ठेकों की नीलामी हो सकी। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार, जितेन्द्र कुमार, विकास बाबू, सभासद विनीत वार्ष्णेय, जयप्रकाश शर्मा, मोनू महाजन, अभीक्ष पाठक, आशुतोष उर्फ टिंकू पाठक आदि प्रमुखता से उपस्थित रहे।
