CRS AGENCY. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली के प्रगति मैदान पहुंचे हुए थे. जहां, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की लॉन्चिंग के 3 साल पूरे होने पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के उद्घाटन से ठीक पहले पीएम मोदी परिसर में ही बने बालवाटिका पहुंचे और मासूम बच्चों के साथ काफी देर तक आनंद के पल बिताए. पीएम मोदी ने बाल वाटिका में छोटे बच्चों से मिलते हुए एक वीडियो भी शेयर किया है. वीडियो में वाटिका के छोटे-छोटे बच्चे प्रधानमंत्री को मोदी-मोदी जी पुकारते हुए नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी ने बालवाटिका का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा है, ‘मासूम बच्चों के साथ आनंद के कुछ पल! इनकी ऊर्जा और उत्साह से मन उमंग से भर जाता है’. वीडियो में दिख रहा है कि पीएम मोदी जैसे ही बाल वाटिका में प्रवेश करते हैं सब बच्चे उन्हें नमस्ते मोदी जी, नमस्ते मोदी जी करने लगते हैं. इसके बाद पीएम मोदी उनके पास जाते हैं और उनसे बात करने लगते हैं. पीएम बच्चों से पूछते हैं कि क्या आप लोग मोदी जी को जानते हो? इतनी ही देर में एक बच्चा बोलता है कि मोदी जी हमने आपको टीवी पर देखा है. फिर पीएम मोदी पूछते हैं कि टीवी पर मैं क्या कर रहा था? तब तक बच्चा कुछ और बोलने लगता है. एक मिनट के वीडियो में बच्चे पीएम मोदी को पेटिंग बनाकर दिखाते हुए भी नजर आ रहे हैं. बीच-बीच में पीएम मोदी बच्चों से सवाल-जवाब भी करते नजर आ रहे हैं. मासूम बच्चों के साथ आनंद के कुछ पल! इनकी ऊर्जा और उत्साह से मन उमंग से भर जाता है।
