रायबरेली: थानों में बनाए गए मिशन शक्ति केंद्रों को मिले सीयूजी नंबर
महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के उद्देश्य से रायबरेली जनपद के थानों में बनाए गए मिशन शक्ति केंद्रों को अब सीयूजी नंबर उपलब्ध करा दिए गए हैं। जनपद के बीस थानों को यह विशेष सीयूजी नंबर प्रदान किए गए हैं, जिससे महिलाओं की शिकायतों पर और अधिक प्रभावी व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने मिशन शक्ति सीयूजी नंबरों का रीयलिटी चेक किया। इस दौरान उन्होंने भदोखर थाना को आवंटित मिशन शक्ति सीयूजी नंबर पर स्वयं कॉल कर व्यवस्था की जांच की और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है और सीयूजी नंबरों के माध्यम से अब पीड़िताओं तक पुलिस की सीधी और त्वरित पहुंच संभव हो सकेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि मिशन शक्ति सीयूजी नंबर हमेशा सक्रिय रखें और आने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम से जनपद में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है
